महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख ने स्पष्ट कर दिया है कि एनसीपी के दोनों विरोधी गुटों के बीच विलय का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जो भी नेता या कार्यकर्ता उनकी पार्टी में आना चाहता है, उसका स्वागत है, लेकिन दोनों दलों के एक होने की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं है। उनका यह बयान हाल ही में राजनीतिक गलियारों में चल रही उन अटकलों के बाद आया है, जिनमें दोनों गुटों के आपसी मेल-मिलाप की चर्चाएं हो रही थीं।
यह पूरा घटनाक्रम सत्तारूढ़ एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के एक दावे के बाद गरमाया है। सुनील तटकरे ने बयान दिया था कि यदि तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष अजित पवार जीवित होते, तो दोनों गुटों का विलय इसी साल फरवरी महीने में ही हो चुका होता। आपको बता दें कि अजित पवार का इसी साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था, जिसके बाद से पार्टी के भीतर और बाहर राजनीतिक समीकरणों को लेकर लगातार कयास लगाए जा रहे हैं।