फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के निदेशक काश पटेल ने शुक्रवार, 20 नवंबर को अमेरिकी नागरिकों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने वाले साइबर अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें कानून के शिकंजे से बचना मुश्किल होगा। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में पटेल ने कहा कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के नेतृत्व में एफबीआई वैश्विक साइबर खतरों के विरुद्ध आक्रामक रणनीति अपना रही है। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन विंटर शील्ड’ के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के सहयोग से अमेरिकी साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि निजी व्यवसायों, सरकारी नेटवर्क और संवेदनशील बुनियादी ढांचे को सुरक्षित रखा जा सके। पटेल ने दो टूक कहा कि अमेरिकी लोगों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वालों तक न्याय अवश्य पहुंचेगा।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब वित्तीय क्षेत्र में थर्ड-पार्टी डेटा सुरक्षा को लेकर चिंताएं गहराई हैं। गुरुवार को जेपी मॉर्गन चेस ने खुलासा किया कि बैंक को सेवाएं देने वाले बाहरी वेंडर्स साइबर हमले का शिकार हुए हैं, जिससे लगभग 16,000 ग्राहकों के नाम व ईमेल पते जैसे मार्केटिंग डेटा के प्रभावित होने की आशंका है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ‘n0n’ नामक रैनसमवेयर समूह ने इस सेंधमारी की जिम्मेदारी ली है और वीजा व मास्टरकार्ड से जुड़े कुछ व्यावसायिक सहयोगियों के संपर्क विवरण व खाता आईडी भी संभावित रूप से प्रभावित हुए हैं। हालांकि जेपी मॉर्गन ने स्पष्ट किया है कि उसकी मुख्य बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह सामान्य हैं, सप्ताह की शुरुआत में आई तकनीकी दिक्कत का इस घटना से कोई संबंध नहीं है और प्रभावित ग्राहकों को आवश्यक सहायता व नि:शुल्क क्रेडिट मॉनिटरिंग दी जाएगी।